देहरादून |प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी उत्तराखंड दौरे से पहले प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने सरकार को घेरने की रणनीति तेज करते हुए प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब मांगा है। सोमवार को कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार पर जमकर निशाना साधा।
10 मुद्दों पर घेरेगी कांग्रेस
गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस 10 ऐसे अहम मुद्दों को प्रधानमंत्री के समक्ष उठाना चाहती है, जिनसे उत्तराखंड की जनता सीधे तौर पर प्रभावित है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का धर्म है कि वह जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाए। कांग्रेस ने इन सवालों को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है।
कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सवाल
प्रेस वार्ता के दौरान गोदियाल ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने विशेष रूप से अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि आज भी न्याय की प्रतीक्षा की जा रही है। उन्होंने महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार और बढ़ती बेरोजगारी को प्रदेश के लिए बड़ा खतरा बताया।
शराब और अवैध खनन का मुद्दा गरमाया
कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में शराब और अवैध खनन का बोलबाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन गंभीर विषयों पर मौन साधे हुए है। गोदियाल ने उम्मीद जताई कि:
“प्रधानमंत्री जब देवभूमि आएंगे, तो वे इन 10 बुनियादी सवालों पर प्रदेश की जनता को जवाब जरूर देंगे। जनता यह जानना चाहती है कि डबल इंजन की सरकार में ये ज्वलंत मुद्दे अब तक अनसुलझे क्यों हैं?”
