देहरादून| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे’ के भव्य उद्घाटन से ठीक पहले रविवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत डाट काली मंदिर के पास एलिवेटेड कॉरिडोर पर पांच वाहन एक के बाद एक आपस में टकरा गए। गनीमत यह रही कि इस श्रृंखला भिड़ंत में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहनों को काफी नुकसान पहुँचा है।
अचानक ब्रेक लगाने से बिगड़ा संतुलन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे तेज रफ्तार गाड़ियों के काफिले में सबसे आगे चल रही एक कार ने अचानक ब्रेक लगा दिया। रफ़्तार अधिक होने के कारण पीछे आ रही अन्य गाड़ियां खुद को नियंत्रित नहीं कर पाईं और देखते ही देखते पांच वाहन एक-दूसरे में जा घुसे। टक्कर इतनी तेज थी कि एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनएचआई की टीम मौके पर पहुंची।
40 मिनट तक बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर करीब 40 मिनट तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने तुरंत क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। हादसे में घायल यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
सुरक्षा के लिए डबल बैरिकेडिंग
14 अप्रैल को होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन अब अत्यधिक सतर्क है। दोबारा कोई अनधिकृत वाहन एक्सप्रेसवे पर न घुसे, इसके लिए डाट काली मंदिर के पास डबल बैरिकेडिंग कर दी गई है। पुलिस ने पूरे इलाके में पहरा बढ़ा दिया है।
ढाई घंटे में तय होगा सफर
बता दें कि 210 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर का उद्घाटन 14 अप्रैल को होना है। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून की दूरी महज 2.5 घंटे में पूरी होने का दावा किया जा रहा है।
