मयूर दीक्षित जिलाधिकारी हरिद्वार
हरिद्वार |जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और आधुनिक बनाने की दिशा में भारत सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब नागरिक घर बैठे अपने मोबाइल के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों से इस ‘सेल्फ इनुमेरेशन’ (स्वयं गणना) सुविधा का लाभ उठाने और प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
मोबाइल से मार्क कर सकेंगे लोकेशन
जिलाधिकारी ने बताया कि 10 अप्रैल से इस डिजिटल प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है। नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर लॉगिन कर अपने घर की लोकेशन मार्क कर सकते हैं। इसके साथ ही घर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और अन्य आवश्यक जानकारियों को स्वयं दर्ज करने की सुविधा पोर्टल पर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह तकनीक के दौर में जनगणना को आसान और त्रुटिहीन बनाने का एक बेहतर माध्यम है।
यूनिक आईडी बचाएगी समय
डीएम मयूर दीक्षित ने जानकारी दी कि पोर्टल पर सेल्फ इनुमेरेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक यूनिक आईडी जनरेट होगी। नागरिकों के लिए इस आईडी को सुरक्षित रखना अनिवार्य है। आगामी 25 अप्रैल से जब जनगणना विभाग की टीमें घर-घर सत्यापन के लिए पहुंचेंगी, तब उन्हें यह आईडी दिखाकर जानकारी को तुरंत सत्यापित कराया जा सकेगा। इससे न केवल नागरिकों और कर्मचारियों के समय की बचत होगी, बल्कि प्रक्रिया भी काफी सरल हो जाएगी।
सटीक जानकारी देने का आग्रह
प्रशासन ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिकतम उपयोग करें। जिलाधिकारी ने जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह सही और पूर्ण जानकारी दर्ज करे ताकि राष्ट्रीय जनगणना के इस महत्वपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
ये भी पढ़े : चारधाम यात्रा: फर्जी हेली बुकिंग से रहें सावधान -डीएम मयूर दीक्षित
