कार्यक्रम में जेबकतरा
हरिद्वार | धर्मनगरी के जयराम आश्रम में शनिवार को आयोजित उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा के स्वागत कार्यक्रम में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भीड़ के बीच एक शातिर जेबकतरे ने अपना हाथ साफ करना शुरू कर दिया। आरोपी ने कार्यक्रम में मौजूद कई कार्यकर्ताओं और कवरेज कर रहे एक पत्रकार की जेब काट ली। हालांकि, पत्रकारों की सूझबूझ से आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया।
भीड़ का फायदा उठाकर की वारदात
जानकारी के मुताबिक, आश्रम में स्वागत समारोह के दौरान भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी गहमागहमी का फायदा उठाकर जेबकतरा सक्रिय हो गया। जब कार्यक्रम के बीच कुछ लोगों को अपनी जेब कटने का एहसास हुआ, तो वहां मौजूद पत्रकारों ने सतर्कता दिखाई। संदेह के आधार पर एक युवक को पकड़ा गया, जिसकी तलाशी और पूछताछ के दौरान कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विधायक का नाम लेकर बचने की कोशिश
पकड़े जाने के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए सियासी दांव खेला। उसने दावा किया कि वह कांग्रेस विधायक रवि बहादुर के साथ कार्यक्रम में आया है। हालांकि, जब मौके पर मौजूद लोगों ने इस संबंध में विधायक रवि बहादुर से संपर्क किया, तो उन्होंने युवक को पहचानने से साफ इनकार कर दिया। विधायक की ओर से पल्ला झाड़ने के बाद पत्रकारों और स्थानीय लोगों ने आरोपी को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पकड़ा गया युवक किसी अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा है या अकेले ही ऐसी वारदातों को अंजाम देता है। कार्यक्रम में हुई इस घटना ने वीवीआईपी कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़े : देहरादून: एसटीएफ के ‘ऑपरेशन प्रहार’ में संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
