आक्रोशित विक्रेता
अल्मोड़ा|नगर के सिगरेट एवं पान मसाला फुटकर विक्रेताओं का गुस्सा शनिवार को थोक व्यापारियों के खिलाफ फूट पड़ा। आक्रोशित विक्रेताओं ने चौघान पाटा में एकत्र होकर तंबाकू और सिगरेट के थोक डीलरों के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया। व्यापारियों का कहना है कि थोक विक्रेताओं की मनमानी के कारण छोटे दुकानदारों का अस्तित्व खतरे में है।
प्रिंट रेट से ज्यादा वसूली का आरोप
प्रदर्शनकारी विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि सिगरेट, तंबाकू और पान मसाला कंपनियों के स्थानीय थोक डीलर लंबे समय से उत्पादों को प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर बेच रहे हैं। इस ओवररेटिंग के कारण छोटे फुटकर दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। विक्रेताओं ने यह भी आशंका जताई कि थोक डीलर बिना जीएसटी बिलिंग के माल बेचकर टैक्स चोरी जैसी अनियमितताएं कर रहे हैं।
प्रशासन की चुप्पी पर नाराजगी
व्यापारियों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की गई थी। लेकिन लंबे समय बाद भी प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे नाराज होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि थोक विक्रेताओं के सिंडिकेट ने बाजार में मनमानी मचा रखी है।
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
विक्रेताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर फुटकर व्यापारियों को राहत दी जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही थोक डीलरों की मनमानी नहीं रुकी और ओवररेटिंग पर अंकुश नहीं लगा, तो वे अपने आंदोलन को और अधिक उग्र करेंगे।
ये भी पढ़े : देहरादून: एसटीएफ के ‘ऑपरेशन प्रहार’ में संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
