संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
देहरादून |उत्तराखंड एसटीएफ ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र से आतंकी गतिविधियों में लिप्त एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विक्रांत कश्यप के रूप में हुई है, जो झाझरा इलाके में मैकेनिक का काम कर रहा था। पुलिस का दावा है कि समय रहते हुई इस गिरफ्तारी से राज्य में एक बड़ी आतंकी साजिश टल गई है।
पाकिस्तान भेजी संवेदनशील स्थानों की रेकी
आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि विक्रांत कश्यप पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था। जांच में यह सनसनीखेज खुलसा हुआ है कि आरोपी ने उत्तराखंड के कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण ठिकानों की तस्वीरें और वीडियो फुटेज पाकिस्तानी हैंडलर को भेजी थीं। आशंका जताई जा रही है कि इन जानकारियों का इस्तेमाल भविष्य में किसी बड़े हमले की साजिश रचने के लिए किया जाना था।
पिस्टल और स्प्रे पेंट बरामद
गिरफ्तारी के दौरान एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से एक .32 बोर की पिस्टल, कई जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और स्प्रे पेंट बरामद किया है। स्प्रे पेंट का मिलना इस बात की ओर इशारा करता है कि वह किसी विशेष संगठन के नाम पर दीवार लेखन या दहशत फैलाने की योजना भी बना रहा था।
मूसेवाला की हत्या और पाकिस्तानी लिंक
पूछताछ में सामने आया कि विक्रांत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का कट्टर प्रशंसक था। मूसेवाला की हत्या के बाद वह काफी आक्रोशित था। इसी दौरान वह इंस्टाग्राम के माध्यम से गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके पाकिस्तानी हैंडलर ‘राणा’ के संपर्क में आया। शहजाद भट्टी ने पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग को धमकी दी थी। इसी भावनात्मक झुकाव का फायदा उठाकर पाकिस्तानी हैंडलर्स ने उसे भारत विरोधी गतिविधियों के लिए तैयार किया।
बड़ी साजिश की आशंका
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं। फिलहाल उसके मोबाइल डेटा और चैट्स को खंगाला जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने देहरादून समेत पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया है।
ये भी पढ़े : उर्मिला सनावर की बढ़ी मुश्किलें
