उर्मिला सनावर
देहरादून: सोशल मीडिया पोस्ट्स और विवादित बयानों के जरिए सुर्खियों में रहने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर एक बार फिर कानूनी शिकंजे में फंस गई हैं। देहरादून के थाना नेहरू कॉलोनी में उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन पर एक महिला की राजनीतिक छवि खराब करने और उसका मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर उसे प्रताड़ित करने का आरोप है।
क्या है ताज़ा विवाद?
मोथरोवाला चौक निवासी आरती गौड़ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सहारनपुर (गोविंद नगर) की रहने वाली उर्मिला सनावर ने अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए उनके खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। आरती का आरोप है कि सनावर ने उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा कीं। उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को धूमिल करने के लिए लोगों को उकसाया। फेसबुक पर उनका पर्सनल मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर दिया।
नंबर वायरल होने के बाद आरती गौड़ को अज्ञात नंबरों से लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
पुलिस की कार्रवाई
थाना नेहरू कॉलोनी के प्रभारी मनोज नौटियाल ने पुष्टि की है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल उर्मिला सनावर के सोशल मीडिया अकाउंट्स की तकनीकी जांच कर रही है और डिजिटल फुटप्रिंट्स खंगाल रही है।
विवादों से पुराना नाता
उर्मिला सनावर का नाम पहले भी कई हाई-प्रोफाइल विवादों में आ चुका है। उर्मिला ने दावा किया था कि उनके पास अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े ‘विस्फोटक’ साक्ष्य हैं। उन्होंने कुछ ऑडियो क्लिप्स वायरल की थीं, जिन्हें उन्होंने ‘ऑडियो बम’ नाम दिया था। इनके जरिए उन्होंने भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व विधायकों पर गंभीर आरोप लगाए थे।
सबसे चर्चित विवाद भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ रहा है। उन्होंने दावा किया था कि वे सुरेश राठौर की पत्नी हैं और उनकी शादी काठमांडू में हुई थी। इसके पलटवार में राठौर की बेटी ने उर्मिला पर ब्लैकमेलिंग और रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कराया था।
जनवरी 2026 की शुरुआत में उर्मिला ने एक भावुक वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया था। इसके बाद वह 9 दिनों तक लापता रही थीं, जिसके बाद पुलिस ने उनके घर पर नोटिस भी चस्पा किया था।
