खटीमा पहुंचे CM धामी
खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय खटीमा भ्रमण के दौरान पूर्व सैनिकों के लिए बड़ी घोषणाओं और सुविधाओं का पिटारा खोल दिया। मुख्यमंत्री ने सूबेदार स्वर्गीय शेर सिंह धामी की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित ‘सैनिक सम्मान समारोह’ में शिरकत की और क्षेत्र के पूर्व सैनिकों को ₹7 करोड़ 15 लाख की लागत से नवनिर्मित सीएसडी कैंटीन का तोहफा दिया।
दशकों पुरानी मांग हुई पूरी
मुख्यमंत्री ने कैंटीन का उद्घाटन करते हुए कहा कि खटीमा और नानकमत्ता क्षेत्र सैन्य बाहुल्य इलाका है। यहाँ बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके परिवार निवास करते हैं। लंबे समय से क्षेत्र में एक आधुनिक सीएसडी कैंटीन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। सीएम ने कहा, “हमारे निरंतर प्रयासों के बाद आज यह कैंटीन सफलतापूर्वक शुरू हो गई है। आने वाले समय में यहाँ सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा।”
सैनिकों और शहीदों को किया नमन
सैनिक सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों का सम्मान सर्वोपरि है। सूबेदार स्वर्गीय शेर सिंह धामी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने सैन्य परिवारों के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
“सैनिकों का कल्याण हमारी प्राथमिकता है। खटीमा के पूर्व सैनिकों की यह मांग बहुत पुरानी थी, जिसे आज पूरा कर हमें गर्व की अनुभूति हो रही है।”
— पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
ये भी पढ़े : लंबित घोषणाओं को युद्ध स्तर पर पूरा करें अधिकारी-सीएम धामी
