शूटर रिंकू शर्मा गिरफ्तार
रुद्रपुर | उत्तराखंड एसटीएफ को ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक बड़ी कामयाबी मिली है। बहुचर्चित भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में पिछले चार साल से फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी मुख्य शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया है।
दिनदहाड़े हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा इलाके में पार्षद प्रकाश धामी की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। जांच में खुलासा हुआ था कि राजनीतिक वर्चस्व और पुरानी रंजिश के कारण करीब ₹4 लाख की सुपारी देकर पेशेवर शूटरों से यह हत्या करवाई गई थी।
लोकेशन बदल कर दे रहा था चकमा
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपी रिंकू शर्मा शातिर अपराधी है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। एसटीएफ की टीम तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों के सटीक इनपुट पर काम कर रही थी। आखिरकार रुद्रपुर से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दर्जन भर मुकदमे हैं दर्ज
पकड़ा गया आरोपी रिंकू शर्मा एक हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का और खुलासा हो सके।
ये भी पढ़े: पालिकाध्यक्ष और सभासदों के बीच गहराया विवाद
