नैनीताल ज़िले के कालाढुंगी क्षेत्र में उस वक्त माहौल गरम हो गया जब हिंदूवादी संगठनों ने दो पिकअप वाहनों को पकड़ लिया, जिनमें कथित रूप से गौमांस भरा हुआ था।

मामला बैलपड़ाव चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है। आरोप है कि पुलिस और वन विभाग के कुछ कर्मचारियों ने कथित रूप से रिश्वत लेकर इन गाड़ियों को छोड़ दिया। जैसे ही यह खबर फैली, इलाके में भारी हड़कंप मच गया। हिंदूवादी संगठन सड़कों पर उतर आए और चौकी इंचार्ज समेत पूरे स्टाफ पर कार्रवाई की मांग उठाने लगे।

संगठन के नेता मदन जोशी का दावा है कि उनके पास इस कथित लेनदेन के स्क्रीनशॉट और सबूत मौजूद हैं। वहीं, रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने कहा कि जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामला अब ज़िला प्रशासन तक पहुंच गया है और स्थानीय स्तर पर पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
