कुंभ
हरिद्वार | उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और अटूट आस्था का प्रतीक ‘कुंभ मेला 2027’ इस बार बेहद खास होने जा रहा है। राज्य सरकार के निर्देश पर इस बार कुंभ के दौरान उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली देव डोलियों की भव्य शोभायात्रा और गंगा स्नान को मुख्य आकर्षण बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।
मेला प्रशासन ने कसी कमर
हाल ही में मेला नियंत्रण भवन , हरिद्वार में मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में देव डोलियों के आगमन, उनकी शोभायात्रा के मार्ग और स्नान की व्यवस्थाओं की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ लोक संस्कृति समितियों के पदाधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
विश्व पटल पर दिखेगी पहाड़ी संस्कृति
मेलाधिकारी सोनिका ने बैठक में कहा: “इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को उत्तराखंड की अद्वितीय लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से रूबरू कराना है। देव डोलियों की शोभायात्रा को पूरी भव्यता के साथ निकाला जाएगा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।”
सरकार की प्रतिबद्धता
लैंसडाउन विधायक दिलीप रावत ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दिव्य आयोजन को समय पर और भव्यता के साथ पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों की देव डोलियों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय बनाया जा रहा है ताकि इस पारंपरिक उत्सव को ऐतिहासिक बनाया जा सके।
ये भी पढ़े : कुंभ की मर्यादा के लिए हरिद्वार के संतों की बड़ी पहल
