आलोक शर्मा
हरिद्वार | उत्तराखंड में चुनावी आहट के बीच राज्य सरकार और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। एक ओर जहाँ भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के हर जिले और शहर में ‘4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम आयोजित कर अपनी उपलब्धियां गिना रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने सरकार के इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जनता की जेब काटने वाला आखिरी बजट- आलोक शर्मा
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने सरकार के चार साल के कार्यकाल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह सरकार अब जाने वाली है। उन्होंने हालिया बजट को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा, “यह इस सरकार का आखिरी बजट है। सरकार का एकमात्र लक्ष्य किसी भी तरह जनता की जेब काटकर अपने घर भरना है।” शर्मा ने आरोप लगाया कि इस बजट में हरिद्वार जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक और पर्यटन केंद्र के लिए कोई ठोस विकास योजना नहीं लाई गई है।
कुंभ के नाम पर भ्रष्टाचार का आरोप
आलोक शर्मा ने कुंभ मेले की तैयारियों और पिछले हिसाब-किताब को लेकर भी कड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा की सरकार अभी तक पिछले कुंभ के खर्चों का ब्यौरा देने में विफल रही है। कुंभ के नाम पर केवल काम का दिखावा हो रहा है। कांग्रेस शानदार कुंभ के पक्ष में है, लेकिन कुंभ के नाम पर होने वाला भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार अभी तक यह तय नहीं कर पाई है कि आगामी आयोजन पूर्ण कुंभ होगा या अर्धकुंभ, जबकि जनता ने अपना मन बना लिया है।
ये भी पढ़े : https://khabargangalive.com/the-slogan-of-four-years-unmatched-echoed-in-the-malla-mahal-of-discussion/
सरकार का पक्ष- गिनाए जा रहे हैं विकास कार्य
वहीं दूसरी ओर, राज्य सरकार के प्रतिनिधि हर शहर में जाकर पिछले चार वर्षों के दौरान हुए कार्यों, जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, जन कल्याणकारी योजनाओं और पर्यटन को बढ़ावा देने वाले प्रोजेक्ट्स का लेखा-जोखा जनता के सामने रख रहे हैं। सरकार का दावा है कि उनके 4 साल विकास के मामले में ऐतिहासिक रहे हैं।
