दून पुलिस
पहली पत्नी का कातिल निकला पति, दून पुलिस ने मांडूवाला हत्याकांड का किया पर्दाफाश
देहरादून : राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मांडूवाला के जंगलों में मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले में दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने न केवल महिला की शिनाख्त की, बल्कि इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पति को भी गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि आरोपी ने अपनी दूसरी पत्नी के साथ रहने के विवाद और पहली पत्नी के बढ़ते दबाव के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
चेहरा खराब होने से पहचान थी मुश्किल
विगत दिनों मांडूवाला रोड स्थित बालासुंदरी मंदिर के पास झाड़ियों में एक बोरे में बंद महिला का शव मिला था। शव करीब 4-5 दिन पुराना होने के कारण बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने खुद वादी बनकर शिनाख्त के लिए एक सघन अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद मृतका की पहचान रूपा के रूप में हुई, जो पेशे से मजदूरी करती थी।
रिश्तों की उलझन बनी मौत का कारण
पुलिस जांच में सामने आया कि रूपा ने 4 साल पहले अपने पहले पति रंजीत को छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद रंजीत ने भी दूसरी शादी कर ली। लेकिन करीब एक साल पहले रूपा अपने दूसरे पति को छोड़ फिर से रंजीत के संपर्क में आ गई। एक महीने पहले वह अपनी 11 महीने की बच्ची के साथ देहरादून पहुँची और रंजीत पर अपनी दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बनाने लगी।
दबाव से तंग आकर रची हत्या की साजिश
रोज-रोज के झगड़ों और पहली पत्नी के दबाव से तंग आकर आरोपी पति रंजीत ने खौफनाक कदम उठाया। उसने रूपा की हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नियत से शव को बोरे में भरकर मांडूवाला के सुनसान जंगल में फेंक दिया। एसएसपी दून ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
