लूट
पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले तीन सगे अपराधी दबोचे, चैन स्नैचिंग का भी खुलासा
सितारगंज । सितारगंज पुलिस ने पिछले कुछ दिनों से नगर में दहशत का पर्याय बने पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। इनमें से तीन आरोपी वे हैं जिन्होंने न केवल लूट की वारदात को अंजाम दिया, बल्कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला और फायरिंग भी की थी। एसएसपी अजय गणपति ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है।
केस 1: पुलिस टीम पर हमला और मोटर साइकिल लूट
विगत दिनों गुरमीत सिंह और उसके साथी ने ओदली पेट्रोल पंप पर चाकू की नोंक पर एक बाइक लूटी थी। जब पुलिस आरोपी गुरमीत को पकड़ने उसके घर पहुंची, तो वहां आरोपी, उसके भाई मक्खन सिंह, पिता मोहन सिंह और एक अन्य साथी ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान हुई जवाबी फायरिंग में पुलिस ने पिता मोहन सिंह को मौके पर ही दबोच लिया था, जबकि तीन अन्य फरार हो गए थे।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने घेराबंदी कर फरार तीनों अभियुक्तों को ग्राम नलई के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने एक तमंचा और पाटल बरामद किया है। इन आरोपियों पर पहले से ही डकैती और हत्या के प्रयास जैसे संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
केस 2: महिला कर्मचारी से झपट्टा मारी का खुलासा
दूसरी सफलता मीना बाजार क्षेत्र में मिली, जहां नगरपालिका कर्मचारी हर्षिता पांडे के साथ झपट्टा मारी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुलदीप सिंह और बरियाम सिंह बिष्ट को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी और जरूरी कागजात बरामद कर लिए गए हैं।
एसएसपी अजय गणपति का बयान: “सितारगंज में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। पुलिस पर हमला करने वाले और चैन स्नैचिंग करने वाले किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। पकड़े गए सभी पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।”
