नंदा गौरा योजना
बेटियों को मिला धामी सरकार का उपहार: नंदा गौरा योजना के तहत 33,251 बालिकाओं के खातों में पहुँचे ₹146 करोड़
देहरादून | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की बेटियों को बड़ी सौगात देते हुए ‘नंदा गौरा योजना’ के अंतर्गत करोड़ों की धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की है। मुख्यमंत्री आवास स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से कुल 145 करोड़ 93 लाख रुपये की राशि जारी की।
शिक्षा और सशक्तिकरण पर जोर
योजना का लाभ प्रदेश की 33,251 बालिकाओं को मिला है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तक, हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को उत्तराखंड सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है।
मंत्री रेखा आर्या ने बताया ‘सुरक्षा कवच’
कार्यक्रम में मौजूद महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने कहा कि इस धनराशि से बालिकाओं की उच्च शिक्षा में आने वाली बाधाएं दूर होंगी और वे समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकेंगी।
