प्रतीक जैन-जीएमवीएन एमडी
ग्रीन टूरिज्म को बढ़ावा: रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, गुप्तकाशी और ऊखीमठ में यात्री उठा रहे लाभ; शेष परिसरों में भी जल्द लगेंगे स्टेशन
देहरादून|चारधाम यात्रा मार्ग पर अब इलेक्ट्रिक वाहन लेकर जाना और भी सुगम होने वाला है। राज्य सरकार के ‘ग्रीन केदारखंड’ के विजन को धरातल पर उतारते हुए गढ़वाल मंडल विकास निगम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अपनी अधिकांश प्रमुख संपत्तियों में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित कर दिए हैं।
प्रमुख पड़ावों पर चार्जिंग सुविधा उपलब्ध
जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक प्रतिक जैन ने जानकारी दी कि यात्रा रूट पर एनएच के किनारे स्थित लगभग सभी महत्वपूर्ण परिसरों को ईवी चार्जिंग सुविधा से लैस कर दिया गया है।
-
वर्तमान स्थिति: रुद्रप्रयाग क्षेत्र के तिलवाड़ा, गुप्तकाशी और ऊखीमठ जैसे प्रमुख टूरिस्ट रेस्ट हाउस में चार्जिंग स्टेशन सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।
-
फीडबैक: यात्री पहले से ही इन स्टेशनों का नियमित रूप से उपयोग कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि
प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट किया कि जिन इक्का-दुक्का परिसरों में अभी यह सुविधा नहीं है, वहां भी युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। निगम का लक्ष्य है कि उसकी हर प्रमुख प्रॉपर्टी में चार्जिंग पॉइंट हो, ताकि इलेक्ट्रिक वाहन से आने वाले श्रद्धालुओं को बैटरी डिस्चार्ज होने का कोई भय न रहे।
“राज्य सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित कर रही है। हमारा प्रयास है कि चारधाम यात्रा के दौरान पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और वे एक सुरक्षित व प्रदूषण मुक्त यात्रा का आनंद ले सकें।”
— प्रतीक जैन, एमडी – जीएमवीएन
पर्यावरण संरक्षण की ओर बड़ा कदम
हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए यह पहल मील का पत्थर साबित होगी। चार्जिंग स्टेशनों का जाल बिछने से न केवल स्थानीय लोग बल्कि दिल्ली-एनसीआर और अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटक भी अपने इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ निडर होकर पहाड़ों का रुख कर सकेंगे।
