जिला एवं सत्र न्यायालय
हरिद्वार। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बाद अब धर्मनगरी हरिद्वार के जिला एवं सत्र न्यायालय रोशनाबाद को भी ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे पूरे जनपद में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस तत्काल अलर्ट मोड पर आ गई और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में न्यायालय परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। सुरक्षा की दृष्टि से बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने पूरे परिसर को खंगाला और सैनिटाइज किया। इस दौरान कोर्ट में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई।
स्वयं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे एसएसपी भुल्लर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि न्यायालय की सुरक्षा में तैनात बल चौबीसों घंटे सतर्क रहें। वहीं, पुलिस की साइबर सेल धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संवेदनशील स्थलों पर निगरानी और अधिक बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों ने जनता से पैनिक न होने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
