मौसम
17 फरवरी की रात से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना तापमान में भी आएगी बढ़ोत्तरी, सामान्य से 3 डिग्री तक चढ़ सकता है पारा
देहरादून| उत्तराखंड मौसम विभाग ने प्रदेश के लिए अगले एक सप्ताह का पूर्वानुमान (वेदर कास्ट) जारी कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाले दिनों में विशेषकर पहाड़ी जनपदों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिलेगा। 17 फरवरी की रात से राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर अगले 48 घंटों तक नजर आएगा।
इन जिलों के लिए चेतावनी
मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल के मुताबिक, 18 और 19 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी (Snowfall) देखने को मिल सकती है। 19 फरवरी को विशेष रूप से कुमाऊं मंडल के बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में वर्षा के आसार जताए गए हैं।
बढ़ेगी गर्मी, चढ़ेगा पारा
पहाड़ों पर बारिश के आसार के बीच मैदानी और निचले इलाकों में गर्मी दस्तक दे रही है। मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में तापमान सामान्य के आसपास है, लेकिन आने वाले दो-तीन दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में अभी से ही तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे फरवरी के अंत तक गर्मी का अहसास बढ़ने की उम्मीद है।
