बाबा केदारनाथ
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की शुभ तिथि की घोषणा महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर कर दी गई है। इस वर्ष बाबा केदार के कपाट बुधवार, 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।
ओंकारेश्वर मंदिर में हुआ मुहूर्त का निर्धारण
परंपरा के अनुसार, शीतकालीन गद्दी स्थल उखीमठ स्थित पवित्र ओंकारेश्वर मंदिर में आज सुबह पुजारियों और वेदपाठियों की उपस्थिति में पंचांग गणना के बाद कपाट खुलने का मुहूर्त निकाला गया। गौरतलब है कि शीतकाल के दौरान बाबा केदार की पूजा-अर्चना इसी मंदिर में संपन्न होती है। तिथि की घोषणा होते ही मंदिर परिसर ‘जय बाबा केदार’ के जयघोष से गूंज उठा।
प्रशासन ने कसी कमर, तैयारियां तेज
चारधाम यात्रा को लेकर मंदिर समिति और जिला प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। यात्रा मार्ग की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
