कोतवाली रामनगर
मदद के बहाने भरोसे में लेकर भतीजे ने किया कुकृत्य; विरोध करने पर मारपीट और बच्चों को जान से मारने की धमकी
नैनीताल| रामनगर क्षेत्र से रिश्तों को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक विधवा महिला ने अपने रिश्ते में लगने वाले भतीजे पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के हस्तक्षेप के बाद कोतवाली रामनगर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मजबूरी का फायदा उठाकर जीता भरोसा
पीड़िता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि 2016 में पति के निधन के बाद वह मानसिक और आर्थिक रूप से टूट चुकी थी। उसका छोटा बेटा मानसिक अस्वस्थ है और बड़ा बेटा नशे की लत के कारण जेल जा चुका था। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले रिश्ते के भतीजे ने इसी मजबूरी का फायदा उठाया। उसने खुद को परिवार का सहारा बताया और महिला का विश्वास जीत लिया।
नशीला पदार्थ पिलाकर बनाया वीडियो
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके बड़े बेटे की जमानत कराने के बहाने उसे ढिकुली क्षेत्र के एक होटल में बुलाया। वहाँ उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आरोपी ने चोरी-छिपे अश्लील वीडियो भी बना लिया, जिसे हथियार बनाकर वह पिछले कई वर्षों से महिला को ब्लैकमेल कर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता रहा।
समझौते के बाद भी नहीं आया बाज
पीड़िता के अनुसार, 2022 में जब उसने विरोध किया तो आरोपी के परिजनों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की। उस समय वीडियो डिलीट करने के आश्वासन पर समझौता हुआ था, लेकिन हाल ही में आरोपी ने फिर से वीडियो होने की बात कहकर महिला को होटल बुलाना शुरू कर दिया। मना करने पर बच्चों को मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे अन्य लोगों के साथ संबंध बनाने के लिए भी प्रताड़ित कर रहा है।
क्या कहती है पुलिस?
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामनगर के क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173 सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, “पुलिस सभी साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। महिला के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
