आरोपी गिरफ्तार
विष्णु लोक कॉलोनी से गायब युवक का शव और रिक्शा बरामद, मोबाइल कॉल डिटेल और CCTV से पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के विष्णु लोक कॉलोनी से लापता दिव्यांग ई-रिक्शा चालक मनीष (38 वर्ष) की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मृतक का शव और लूटा गया ई-रिक्शा बरामद कर लिया है।
4 फरवरी से लापता था मनीष
विष्णु लोक कॉलोनी निवासी राम आसरे ने 4 फरवरी को अपने पुत्र मनीष के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दिव्यांग चालक के गायब होने की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने विशेष टीम का गठन किया था। पुलिस ने क्षेत्र के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मनीष के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली।
अंतिम कॉल ने पहुंचाया हत्यारे तक
जांच में सामने आया कि मनीष के मोबाइल से आखिरी कॉल ‘अयान’ नाम के युवक को की गई थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर अयान को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की, तो उसने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फरार साथी की तलाश में दबिश
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया कि इस हत्याकांड में अयान के साथ एक अन्य आरोपी भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
