आरोपी गिरफ्तार
रामनगर |रामनगर कोतवाली पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले एक फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले 3 वर्षों से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था, जिसे आखिरकार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसके घर से दबोच लिया।
क्या था पूरा मामला?
मामला रामनगर के मोहल्ला खताड़ी का है। यहाँ के निवासी हैदर अली ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि उसी के इलाके के अयूब अंसारी और उत्तर प्रदेश के ठाकुरद्वारा निवासी अतिकुर रहमान अंसारी ने उसे विदेश भेजने का झांसा दिया था। हैदर अली का आरोप था कि इन दोनों ने मिलकर उससे 1,33,000 रुपये की ठगी की और न ही उसे विदेश भेजा और न ही पैसे वापस किए।
कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने एक आरोपी अयूब अंसारी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी अतिकुर रहमान अंसारी लगातार फरार चल रहा था।
3 साल से चल रहा था लुका-छिपी का खेल
मामले की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक तारा सिंह राणा ने बताया कि फरार आरोपी को पकड़ने के लिए कई बार दबिश दी गई, लेकिन वह हर बार बच निकलता था। कोर्ट ने भी उसके खिलाफ वारंट जारी किया था। बीते दिवस सटीक मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की।
सीओ सुमित पांडे का बयान
“आरोपी अतिकुर रहमान करीब 3 साल से फरार चल रहा था। वह हर बार पुलिस को चकमा देकर भाग जाता था, लेकिन इस बार सटीक सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है।”
