डॉ. बी.के.एस. संजय
देहरादून| एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष और देश के विख्यात अस्थि रोग विशेषज्ञ पद्म श्री प्रो. डॉ. बी.के.एस. संजय ने आईआईटी गुवाहाटी में छात्रों और शिक्षकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। “ड्राइविंग एक कौशल है, सुरक्षा एक आदत” विषय पर आयोजित इस विशेष व्याख्यान में उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के भयावह परिणामों पर विस्तार से चर्चा की।
लापरवाही का परिणाम जीवनभर की अपंगता
सैकड़ों छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए डॉ. संजय ने अपने चिकित्सकीय अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे सड़क पर की गई चंद सेकंड की लापरवाही न केवल जान ले सकती है, बल्कि इंसान को जीवनभर के लिए अपाहिज भी बना सकती है। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग और यातायात नियमों के पालन को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
युवाओं की भूमिका है अहम
डॉ. संजय ने कहा कि सड़क सुरक्षा की संस्कृति विकसित करने की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि हर व्यक्ति और संस्थान की है। कार्यक्रम के दौरान आईआईटी गुवाहाटी के निदेशक प्रो. देवेंद्र जलिहाल ने भी छात्रों से अपनी जीवनशैली को सकारात्मक बनाने और जंक फूड छोड़कर पौष्टिक आहार अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में अवेयरनेस क्लब के सदस्यों और उपस्थित प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की गई।
