परिवहन विभाग
देहरादून: राजधानी देहरादून में परिवहन विभाग ने ‘नियम सबके लिए बराबर हैं’ की मिसाल पेश करते हुए अपने ही विभाग में अनुबंधित एक वाहन का चालान काट दिया। यह कार्रवाई गाड़ी के कागजात अधूरे होने और लंबे समय से टैक्स जमा न होने के कारण की गई है।
अधिकारियों को कड़ा संदेश
संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी ने बताया कि जैसे ही विभाग में लगी इस अनुबंधित गाड़ी की अनियमितताओं की जानकारी मिली, तुरंत नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम अन्य सभी सरकारी विभागों के लिए एक चेतावनी है। सरकारी कार्यों में लगी गाड़ियों के कागजात अपडेट न होना अनुबंध की शर्तों का सीधा उल्लंघन है।
प्राइवेट नंबर प्लेट पर भी होगी सख्ती
आरटीओ सैनी ने कहा कि अक्सर देखा गया है कि प्राइवेट नंबर प्लेट वाली गाड़ियों का व्यावसायिक उपयोग किया जाता है, जो पूरी तरह गैर-कानूनी है। उन्होंने अपील की है कि सभी विभाग अपने यहां चल रहे वाहनों की गहनता से जांच करें। उन्होंने दो टूक कहा, “कानून सबके लिए समान है, चाहे वह आम जनता हो या सरकारी विभाग।”
