बदहाल तिरंगा
उधम सिंह नगर| जनपद के खटीमा स्थित कंजाबाग तिराहे पर लगे राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगे’ की बदहाली को लेकर स्थानीय विधायक ने कड़ा रुख अपनाया है। तिराहे पर स्थापित तिरंगा झंडा पिछले कुछ समय से खराब अवस्था में पाया गया, जिसे राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के विरुद्ध बताते हुए विधायक ने जिलाधिकारी से तत्काल नया ध्वज लगाने की मांग की है।
विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन-बान और शान है और इसके रखरखाव में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
आंधी-तूफान के कारण हुआ क्षतिग्रस्त: अधिशासी अधिकारी मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी प्रियंका सिंह ने सफाई देते हुए बताया कि दो दिन पूर्व क्षेत्र में हुई भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी के कारण झंडा क्षतिग्रस्त हो गया था। उन्होंने कहा, “जैसे ही हमें ध्वज के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली, हमने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुला लिया गया है और बहुत जल्द नया तिरंगा ससम्मान स्थापित कर दिया जाएगा।”
