अजित पवार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख अजित पवार का 28 जनवरी 2026 को बारामती में हुए एक भीषण विमान हादसे में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि मुंबई से बारामती आ रही उड़ान लैंडिंग के समय दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें विमान में सवार सभी पांच लोगों की जान चली गई। अजित पवार जिला परिषद चुनाव प्रचार के लिए बारामती जा रहे थे और वहां कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले थे।
उत्तराखंड के मंत्री गणेश जोशी ने जताया दुख
इस दुखद घटना पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह हादसा एनडीए गठबंधन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। गणेश जोशी ने अजित पवार को महाराष्ट्र का वरिष्ठ और जमीनी स्तर से जुड़ा नेता बताते हुए कहा कि उनका योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
“पूरा गठबंधन परिवार के साथ खड़ा है”
मंत्री गणेश जोशी ने कहा,
“उनके जाने से परिवार को जो दुख पहुंचा है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। इस संकट की घड़ी में पूरा एनडीए गठबंधन उनके परिवार के साथ खड़ा है।”
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।
महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा शून्य
अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा खालीपन पैदा हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं और कई सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द किए गए हैं। परिवार, समर्थक और राजनीतिक जगत इस घटना से स्तब्ध हैं।
ये भी पढ़े : हरिद्वार: बैरागी कैंप में टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग
