गणतंत्र दिवस
देहरादून। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर वक्फ बोर्ड की ओर से राज्यभर के सभी मदरसों और मस्जिदों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने का ऐलान किया गया।
शादाब शम्स ने जानकारी देते हुए बताया कि देहरादून के माजरा क्षेत्र स्थित मदरसा जामिया उल उलूम में भी विधिवत झंडारोहण किया गया। कार्यक्रम के बाद मदरसे के बच्चों ने “भारत माता की जय” के नारे लगाए और देशभक्ति से जुड़े गीत प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान बच्चों में गजब का उत्साह और राष्ट्रभक्ति देखने को मिली।
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि मुस्लिम समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। अब समाज न केवल शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, बल्कि राष्ट्र निर्माण और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को “विश्व गुरु” बनाने का सपना अब और भी साकार होता दिखाई दे रहा है और समाज का हर वर्ग इस दिशा में योगदान दे रहा है।
ये भी पढ़े : स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार कर रही है राज्य सरकार: मुख्यमंत्री धामी
गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रदेशभर के मदरसों और मस्जिदों में हुए झंडारोहण कार्यक्रमों को आपसी सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया जा रहा है।
