शादाब शम्स
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स का निर्देश- 77वें गणतंत्र दिवस पर वक्फ संपत्तियों पर गौरव से लहराएगा राष्ट्रध्वज
देहरादून। आगामी 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर उत्तराखंड वक्फ बोर्ड ने एक ऐतिहासिक और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत निर्णय लिया है। बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने प्रदेश की समस्त मस्जिदों, मदरसों और वक्फ संपत्तियों पर अनिवार्य रूप से तिरंगा फहराने के निर्देश जारी किए हैं।
“सैन्य धाम” की परंपरा को आगे बढ़ाने की पहल
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने इस निर्णय की घोषणा करते हुए कहा कि उत्तराखंड न केवल ‘देवभूमि’ है, बल्कि यह ‘सैन्य धाम’ भी है, जहाँ की मिट्टी में देशभक्ति रची-बसी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “वतन से मोहब्बत करना हमारे ईमान का हिस्सा है और तिरंगे का सम्मान करना हम सभी का संवैधानिक और नैतिक फर्ज है।
एकता और अखंडता का संदेश बोर्ड का मानना है कि इस पहल से मुस्लिम समुदाय के भीतर देशभक्ति की भावना और अधिक प्रगाढ़ होगी। गणतंत्र दिवस पर धार्मिक स्थलों और शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रध्वज फहराने से न केवल समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा, बल्कि यह देश की एकता और अखंडता को भी मजबूती प्रदान करेगा।
शादाब शम्स ने सभी प्रबंधकों और मुतवल्लियों से आग्रह किया है कि वे अपने-अपने परिसरों में पूरे मान-सम्मान के साथ ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करें। इस निर्देश के बाद प्रदेश भर के मुस्लिम समुदाय और वक्फ संस्थाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
