देहरादून | राजधानी के युवा क्रिकेटरों के हुनर और जज्बे का गवाह बने चौथे अंडर-13 अर्जुन शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन उनियाल क्रिकेट एकेडमी की धमाकेदार जीत के साथ हुआ। फाइनल मुकाबले में उनियाल एकेडमी ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए मैक्स क्रिकेट एकेडमी को 8 विकेट के भारी अंतर से शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
मैच का हाल: वैभव और यश का रहा दबदबा
खिताबी मुकाबले में उनियाल क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने तालमेल का शानदार परिचय दिया। मैक्स एकेडमी द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करने उतरी उनियाल एकेडमी ने मात्र 2 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। वैभव चौहान ने अपने बेहतरीन खेल से फाइनल की चमक बिखेरी और ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में निरंतर प्रदर्शन करने वाले यश बुटोला को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के खिताब से नवाजा गया।
दिग्गजों ने बढ़ाया नन्हे खिलाड़ियों का हौसला
टूर्नामेंट के समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तराखंड क्रिकेट की दिग्गज हस्तियां मौजूद रहीं। उत्तराखंड क्रिकेट के ‘भीष्म पितामह’ कहे जाने वाले पी.सी. वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष दीपक मेहरा, उपाध्यक्ष अजय पांडे, दिनेश शर्मा, संतोष गैरोला और डॉ. सचान ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
एकेडमी प्रबंधन ने खुशी जताते हुए कहा कि इतने बड़े पदाधिकारियों की उपस्थिति ने नन्हे क्रिकेटरों का मनोबल दोगुना कर दिया है। यह टूर्नामेंट भविष्य के सितारों को तराशने के लिए एक बड़ा मंच साबित हुआ है।
