उधम सिंह नगर: विधानसभा क्षेत्र खटीमा में मिट्टी खनन माफियाओं के हौसले पस्त करने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। तहसील के दूरस्थ क्षेत्र दिया ग्राम सभा स्थित ईंट भट्टा क्षेत्र में मिट्टी खनन की आड़ में कामन नदी के स्वरूप से छेड़छाड़ कर रहे माफियाओं पर उप जिलाधिकारी ने छापेमारी की।
लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि क्षेत्र में मिट्टी खनन की आड़ में नदी के प्रतिबंधित डूब क्षेत्र से अवैध रूप से मिट्टी निकाली जा रही है। सूचना की तस्दीक होते ही उप जिलाधिकारी तुषार सैनी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की अचानक हुई इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से मिट्टी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रंगे हाथ पकड़ा। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को सीज कर दिया और उन्हें तहसील परिसर में खड़ा करवा दिया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीएम तुषार सैनी ने स्पष्ट किया कि:
“मिट्टी खनन की अनुमति केवल निर्धारित निजी खेतों के लिए दी जाती है, न कि नदी के डूब क्षेत्र (Flood Zone) के लिए। दिया ग्राम सभा में जो खनन हो रहा था, वह पूरी तरह अवैध था। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।”
खटीमा विधानसभा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से खनन माफिया सक्रिय हैं। इस कार्रवाई के बाद एसडीएम ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध खनन पाया गया, तो संबंधितों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
