रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत डीएवी कॉलेज के बाहर दिनदहाड़े हुई जबरदस्त मारपीट और फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें छात्र गुटों के बीच संघर्ष और अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है।
वायरल हो रहे वीडियो में युवकों के दो गुट सड़क पर एक-दूसरे के खून के प्यासे नजर आ रहे हैं। मारपीट के दौरान अचानक गोली चलने जैसी तेज आवाज सुनाई देती है, जिसके बाद भगदड़ मच गई। वीडियो के एक हिस्से में एक युवक घायल होकर जमीन पर गिरता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात के बावजूद
भी तक किसी भी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने खुद संज्ञान लिया है, गंगनहर कोतवाली पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों को खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस मारपीट में शामिल युवकों और घायल हुए शख्स की तलाश कर रही है।
सीओ रुड़की नरेंद्र पंत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि:
“वायरल वीडियो में दो गुटों के बीच झगड़ा और एक युवक के जमीन पर गिरने की बात स्पष्ट है। गोली चलने की आवाज तो सुनाई दे रही है, लेकिन वीडियो में फायरिंग स्पष्ट नहीं दिख रही। सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”
कॉलेज के ठीक बाहर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर इस विवाद की मुख्य वजह क्या थी और क्या इसमें किसी बाहरी गिरोह का हाथ है।
