देहरादून | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमणमुक्त करने के कड़े निर्देशों के बाद जिला प्रशासन एक्शन मोड में है। इसी क्रम में देर रात देहरादून के हृदय स्थल घंटाघर के समीप एचएनबी कॉम्प्लेक्स में सरकारी भूमि पर बनी एक अवैध मजार को जिला प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, उक्त स्थल पर अवैध रूप से मजार का निर्माण कर सरकारी जमीन पर कब्जा किया गया था। जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का पर्याप्त समय दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन ने देर रात कार्रवाई का निर्णय लिया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। नगर निगम और एमडीए की टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध ढांचे को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में अन्य चिन्हित स्थलों पर भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
