एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने दिया आदेश,आईटीआई थानाध्यक्ष व उपनिरीक्षक निलंबित, 10 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर।
ऊधम सिंह नगर। बहुचर्चित सुखवंत सिंह प्रकरण में पुलिस की घोर लापरवाही और उदासीनता पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने आईटीआई थानाध्यक्ष समेत दो उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, चौकी पैगा में तैनात प्रभारी समेत सभी 10 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।
जांच में खुली पोल, गिरी गाज
ग्राम पैगा निवासी सुखवंत सिंह पुत्र तेजा सिंह की मौत से जुड़े मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे थे। एसएसपी द्वारा कराई गई प्राथमिक जांच में अधिकारियों और कर्मचारियों की स्पष्ट लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आई।
पूरी चौकी पर एक्शन: 10 कर्मी लाइन हाजिर
एसएसपी ने केवल अधिकारियों पर ही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर तैनात पूरी टीम पर कार्रवाई की है। चौकी पैगा के प्रभारी जितेंद्र कुमार सहित सहायक उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षियों को जिम्मेदारी में लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने सख्त लहजे में कहा कि जनता का पुलिस पर भरोसा बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुखवंत सिंह प्रकरण में जिस भी स्तर पर चूक हुई है, उसकी गहन विभागीय जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।
