देहरादून में 19 से 23 दिसंबर 2025 तक होगा ‘उत्तराखंड इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो (यूकाइटेक्स 2025)’ का आयोजन; परेड ग्राउंड में होगी मेजबानी
देहरादून|पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई), उत्तराखंड चैप्टर ने आज देहरादून के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विनीत कुमार गुप्ता को सर्वसम्मति से उत्तराखंड राज्य चैप्टर का नया चेयरमैन नियुक्त किए जाने की औपचारिक घोषणा की। अपने नए दायित्व पर पहली बार मीडिया को संबोधित करते हुए गुप्ता ने उत्तराखंड की आर्थिक शक्ति को प्रदर्शित करने वाले एक प्रमुख आयोजन उत्तराखंड इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो (यूकाइटेक्स 2025) की भी घोषणा की, जिसका आयोजन 19 से 23 दिसंबर 2025 तक देहरादून के परेड ग्राउंड में किया जाएगा। प्रेस वार्ता मे चेयरमैन गुप्ता ने कहा कि आयोजन स्थल को परेड ग्राउंड स्थानांतरित करने का उद्देश्य मेले की पहुंच और दृश्यता को बढ़ाना है, ताकि अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस एक्सपो का मुख्य लक्ष्य उत्तराखंड के एमएसएमई और ओडीओपी उत्पादों को मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से जोड़ना, राज्य को एक आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करना और स्टार्टअप इकोसिस्टम को प्रोत्साहित करना है। इस आयोजन में भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय मानक ब्यूरो, जीबी ग्रुप, पतंजलि और स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थागत और कॉर्पोरेट साझेदारों का सक्रिय सहयोग प्राप्त है। पीएचडीसीसीआई के को-चेयरमैन अमित खनेजा और रेजिडेंट डायरेक्टर रितेश सिंह ने आश्वस्त किया कि यूकाइटेक्स 2025 स्थानीय उद्यमियों के लिए व्यापार विस्तार और सहयोग का एक सशक्त माध्यम बनेगा, जिसके लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर प्रतिबद्धता से कार्य किया जाएगा।
