ज्वालापुर के पूर्व विधायक बोले— ‘राजनीतिक छवि खराब करने की हो रही साजिश, कांग्रेस कर रही इस पर ओछी राजनीति’।
हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े चर्चित ऑडियो प्रकरण में घिरे भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। मंगलवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राठौड़ ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो को पूरी तरह फर्जी और ‘AI’ (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) द्वारा तैयार किया गया बताया। उन्होंने इसे अपनी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने का एक गहरा षडयंत्र करार दिया।
आरोप लगाने वाली महिला पर कानूनी कार्रवाई की मांग
सुरेश राठौड़ ने उन पर आरोप लगाने वाली महिला उर्मिला सनावर के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रशासन से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। राठौड़ ने कहा कि उर्मिला सनावर द्वारा लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं। बता दें कि उर्मिला सनावर, जो खुद को राठौड़ की दूसरी पत्नी होने का दावा करती रही हैं, पिछले काफी समय से सोशल मीडिया के माध्यम से पूर्व विधायक और भाजपा के अन्य नेताओं पर गंभीर आरोप लगा रही हैं।
‘विपक्ष के पास मुद्दों का अभाव’
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि जिस मुद्दे को कोर्ट में साबित किया जा चुका है, उस पर कांग्रेस बेवजह राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह व्यक्तिगत चरित्र हनन और फर्जी ऑडियो का सहारा लेकर जनता को गुमराह कर रही है।
विवादों के बाद पार्टी से हुए थे बाहर
गौरतलब है कि सुरेश राठौड़ हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। पिछले कुछ समय से लगातार विवादों और निजी जीवन से जुड़ी शिकायतों के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अब इस नए ऑडियो विवाद ने प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट पैदा कर दी है।
“मेरी आवाज को क्लोन कर फर्जी ऑडियो बनाया गया है ताकि मेरी छवि खराब की जा सके। मैं इस मामले में न्याय के लिए कानूनी रास्ता अपनाऊंगा।” — सुरेश राठौड़, पूर्व विधायक, ज्वालापुर
