केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दी सैद्धांतिक मंजूरी, बाईपास की डीपीआर तैयार करने के निर्देश जारी; जाम से मिलेगी राहत
लालकुआँ| आमजन को बेहतर यातायात सुविधा देने की केंद्र और राज्य सरकार की पहल के तहत लालकुआँ के निवासियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। नैनीताल लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट के प्रयासों से लालकुआँ को बहुप्रतीक्षित बाईपास की सौगात मिलने जा रही है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लालकुआँ बाईपास को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है और इसकी डीपीआर तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
यातायात होगा सुगम
बाईपास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने से लालकुआँ नगर क्षेत्र में लगने वाले भारी जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। भारी वाहनों का दबाव कम होने से आम नागरिकों को सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा मिलेगी। नगरवासी लंबे समय से इस बाईपास की मांग कर रहे थे, जिसे भाजपा सरकार ने मंजूरी देकर बड़ी सौगात दी है।
आभार व्यक्त किया
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर लालकुआँ क्षेत्र में खुशी का माहौल है। भाजपा नेताओं, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अजय भट्ट तथा क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह बिष्ट का आभार व्यक्त किया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास का निर्माण लालकुआँ के विकास को नई दिशा देगा और क्षेत्र की यातायात समस्या का स्थायी समाधान साबित होगा।
