हरिद्वार | कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने हरिद्वार दौरे के दौरान युवाओं को राजनीति और समाज सेवा में आगे आने का आह्वान किया। चंडीघाट स्थित दिव्य प्रेम सेवा मिशन पहुँचे पूर्व केंद्रीय मंत्री ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को याद करते हुए विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भागीदारी को निर्णायक बताया।
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पूरे देश के युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा, “स्वामी जी के विचार मात्र शब्द नहीं, बल्कि युवाओं के लिए एक स्पष्ट मार्गदर्शक हैं, जो उन्हें निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करने की प्रेरणा देते हैं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम ने हमेशा युवाओं को नीति निर्माण और राजनीति के मुख्य मंच पर आने के लिए प्रोत्साहित किया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का उदाहरण देते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा युवा ऊर्जा पर भरोसा जताया है।
“पार्टी ने नितिन नवीन को मात्र 45 वर्ष की आयु में राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपकर यह सिद्ध कर दिया है कि भाजपा युवाओं के नेतृत्व और क्षमता को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।” – अनुराग ठाकुर
अनुराग ठाकुर ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में देश की राजनीति और शासन व्यवस्था में लाखों युवा सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे केवल मतदाता न बनें, बल्कि देश के भविष्य को दिशा देने वाले नेतृत्वकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाएं।
