रानी पोखरी (देहरादून)। रानी पोखरी के प्रसिद्ध हाट बाजार में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता सुबोध जयसवाल ने पंचायत पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हाट बाजार का टेंडर समय सीमा खत्म होने से पहले ही बिना नीलामी के लिए दिया गया। टेंडर फॉर्म पर न तो पंचायत सचिव की मुहर है और न ही पंचायत की आधिकारिक सील, जिससे पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।

सुबोध ने कहा कि छोटे किसानों और दुकानदारों से मनमाने पैसे वसूले जा रहे हैं, उनका खुला शोषण हो रहा है। बाजार में कूड़े की कोई सफाई व्यवस्था नहीं है – सारा कचरा इकट्ठा करके खुले में जलाया जा रहा है, जिससे प्रदूषण और बीमारी का खतरा बढ़ रहा है।

उन्होंने पूरी शिकायत जिलाधिकारी देहरादून को सौंप दी है और दोषी पंचायत अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की है। सुबोध जयसवाल ने चेतावनी दी कि अगर जल्द जांच नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे।
