मौसम अपडेट
देहरादून | प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच अब मौसम विभाग ने बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाली 22 जनवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे पूरे प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के मुताबिक, 22 जनवरी की रात से मौसम का मिजाज बदलना शुरू होगा। इसका शुरुआती असर गढ़वाल मंडल के देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और कुमाऊं के पिथौरागढ़ व बागेश्वर जिलों में देखने को मिलेगा। इन जनपदों में बहुत हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में हिमपात होने की संभावना है।
23 जनवरी को व्यापक वर्षा का अनुमान
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि 23 जनवरी को विक्षोभ का असर सबसे अधिक रहेगा। इस दिन प्रदेश के अधिकांश मैदानी और पर्वतीय जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। साथ ही, 2300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी देखने को मिल सकती है, जिससे शीतलहर का प्रकोप बढ़ जाएगा।
बारिश और बर्फबारी का यह सिलसिला थमने के बाद भी 24 और 25 जनवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे अंदरूनी जनपदों में मौसम खराब रह सकता है। यहाँ रुक-रुक कर हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
