जशोधर भट्ट
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिविल अस्पताल के समीप स्थित एक मकान में अचानक आग लगने से वहां रह रहे दिल्ली निवासी एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण रूम हीटर को माना जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गौरव टुटेजा (47 वर्ष), निवासी कालकाजी, दक्षिण दिल्ली के रूप में हुई है। गौरव पिछले करीब दो सप्ताह से मसूरी के सिविल अस्पताल के पास स्थित संजीव गोयल के मकान में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था।
शुक्रवार देर शाम स्थानीय लोगों ने गौरव के कमरे से भारी धुआं उठता देखा। अनहोनी की आशंका में लोगों ने तुरंत मकान मालिक को सूचित किया। जब कमरे का दरवाजा खोला गया, तो अंदर का नजारा भयावह था। कमरे में आग फैल चुकी थी और बिस्तर सहित सारा सामान जलकर राख हो चुका था। गौरव हीटर के पास ही अचेत और जली हुई अवस्था में फर्श पर पड़ा मिला।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि गौरव ने एक-दो दिन पहले ही ठंड से बचने के लिए रूम हीटर खरीदा था। पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गौरव की सांसें थम चुकी थीं। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि संभवतः हीटर से शॉर्ट सर्किट हुआ या बिस्तर के संपर्क में आने से आग भड़की, जिससे गौरव को संभलने का मौका नहीं मिला।
मसूरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। घटना की सूचना दिल्ली में मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है ताकि आग लगने के सटीक कारणों का पता चल सके।
