देहरादून। राजधानी देहरादून के गढ़ी कैंट क्षेत्र में लंबे समय से सीवरेज की गंभीर समस्या झेल रहे करीब 20 हजार लोगों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। उत्तराखंड के पेयजल एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गढ़ी कामत में 53 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी डाकरा सीवरेज योजना का विधिवत भूमिपूजन किया।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि गढ़ी-डाकरा क्षेत्र की जनता पिछले कई वर्षों से सीवर लाइन की मांग कर रही थी, क्योंकि सीवरेज व्यवस्था न होने से लोगों को भारी परेशानी हो रही थी।
मंत्री जोशी ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की इस पुरानी समस्या को गंभीरता से लिया और इसके लिए 53 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की।
विकास कार्यों को मिलेगी गति
मंत्री जोशी ने कहा, “मैं मुख्यमंत्री जी का दिल से आभार व्यक्त करता हूँ कि उन्होंने इस योजना को प्राथमिकता दी और इतने बड़े बजट को मंजूरी दी। आज इसका भूमिपूजन हो गया है और जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा। इस योजना के पूरा होने के बाद गढ़ी कैंट, डाकरा और आसपास के पूरे क्षेत्र की जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।”
उन्होंने यह भी विश्वास दिलाया कि धामी सरकार जनता की हर छोटी-बड़ी समस्या का समयबद्ध समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले दिनों में क्षेत्र में विकास की गति और तेज होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने भारी उत्साह दिखाया और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करने के लिए मंत्री गणेश जोशी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त किया।
