कॉर्बेट के ढिकाला क्षेत्र में रामगंगा नदी किनारे दिखा दुर्लभ दृश्य, बाल-बाल बचा ‘जंगल का राजा’; वीडियो वायरल
नैनीताल/कॉर्बेट नेशनल पार्क| उत्तराखंड के कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढिकाला क्षेत्र से एक रोमांचक और हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में जंगल का राजा कहा जाने वाला बाघ खुद एक दूसरे शक्तिशाली शिकारी मगरमच्छ का शिकार बनते-बनते बाल-बाल बचता दिखाई दे रहा है।
क्या है वीडियो में?
करीब 18 सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि रामगंगा नदी के किनारे मौजूद बाघ पर अचानक पानी के भीतर से एक मगरमच्छ हमला कर देता है। हमला इतना अचानक होता है कि पल भर के लिए बाघ असंतुलित हो जाता है, लेकिन अपनी फुर्ती और ताकत के दम पर वह तुरंत खुद को संभाल लेता है और मगरमच्छ के मजबूत जबड़ों से बचकर निकल जाता है।यह घटना रामगंगा नदी किनारे की है, जो मगरमच्छों और घड़ियालों का प्राकृतिक आवास मानी जाती है। नदी के किनारे वन्यजीवों का अक्सर आमना-सामना होता रहता है।
प्राकृतिक प्रक्रिया का उदाहरण
इस पूरे मामले पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जंगल में सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट का नियम चलता है। डॉ. बडोला ने बताया कि जंगल में अलग-अलग प्रजातियों के बीच इस तरह की इंटरेक्शन की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं, और यह वीडियो भी उसी प्राकृतिक प्रक्रिया का एक उदाहरण है।
वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि यह दुर्लभ और रोमांचक वीडियो जंगल के वास्तविक और कड़े नियमों को दर्शाता है, जहां शिकारी भी हमेशा सुरक्षित नहीं होता। यही कारण है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर कॉर्बेट के सबसे रोमांचक वन्यजीव पलों में से एक बताकर जमकर वायरल हो रहा है।
