नैनीताल/भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय जनपद दौरे के दौरान भीमताल विधानसभा क्षेत्र के लेटीबुंगा मैदान (ग्राम पंचायत शशबनी) में आयोजित भव्य समारोह में जनपद को 112 करोड़ 34 लाख रुपये की कुल 17 विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹70.73 करोड़ की 8 योजनाओं का लोकार्पण और ₹41.60 करोड़ की 9 योजनाओं का शिलान्यास किया, जिसमें भवाली व भीमताल बाईपास सुधारीकरण, नैनीताल में 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट और विभिन्न शिक्षण संस्थानों में लैब व पुस्तकालय निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा की मांग पर मुख्य मार्ग-10 के पुनर्निर्माण हेतु ₹9.5 करोड़ तत्काल स्वीकृत किए गए हैं और राज्य सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य व पेयजल जैसे बुनियादी ढांचों को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए बताया कि नीति आयोग के SDG इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है और पलायन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार रिवर्स पलायन में 44% की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति और देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून के चलते पिछले वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियाँ मिली हैं। क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने भीमताल में मिनी स्टेडियम, नया रोडवेज बस स्टेशन, अत्याधुनिक पार्किंग और अग्निशमन केंद्र खोलने जैसी कई घोषणाएँ भी कीं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टालों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों की सराहना की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक राम सिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं भारी संख्या में स्थानीय जनता उपस्थित रही।
