खटीमा। खटीमा के चर्चित तुषार हत्याकांड में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज करते हुए एक और आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
खेतल सन्डा खाम रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तारी
खटीमा पुलिस टीम ने बीती रात मुखबिर की सूचना पर जाल बिछाते हुए खेतल सन्डा खाम रेलवे क्रॉसिंग के पास से मो. साद्दिक उर्फ पप्पू चाय वाला (पुत्र जमीर अहमद, निवासी गोटिया) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की नजरों से बचकर छिपने का प्रयास कर रहा था।
मुख्य आरोपी का पहले ही हो चुका है एनकाउंटर
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले ही मुख्य अभियुक्तों पर शिकंजा कस चुका है। इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी हाशिम को पुलिस ने पूर्व में झनकट के पास एक ईंट भट्टे में मुठभेड़ (एनकाउंटर) के दौरान गिरफ्तार किया था। हाशिम के साथ ही दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी
तुषार हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस जघन्य हत्याकांड से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और इस कांड में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
