देहरादून: गणतंत्र दिवस के पावन पर्व को गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने कलेक्ट्रेट सभागार में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में तय किया गया कि इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस का मुख्य आकर्षण परेड ग्राउंड का भव्य समारोह होगा।
-
मुख्य कार्यक्रम: परेड ग्राउंड में माननीय राज्यपाल द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।
-
शासकीय कार्यालय: जिले के सभी सरकारी दफ्तरों में प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण संपन्न होगा।
जिलाधिकारी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को ‘एक्शन मोड’ में रहने को कहा है:
-
लोक निर्माण विभाग: मुख्य आयोजन स्थल पर मजबूत मंच निर्माण, सुरक्षा बैरिकेडिंग और वीआईपी व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
-
विद्युत विभाग: कार्यक्रम के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए वैकल्पिक प्रबंध भी तैयार रखेगा।
-
नगर निगम: परेड ग्राउंड और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान और स्वच्छता बनाए रखने का जिम्मा।
-
पेजल विभाग: कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों और प्रतिभागियों के लिए स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करेगा।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपस में तालमेल बनाकर काम करें ताकि व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारी राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है, इसलिए इसकी गरिमा के अनुरूप ही सारी तैयारियां समय से पूर्व पूरी कर ली जाएं।
