रंजिश के चलते रुड़की-लक्सर मार्ग पर हुआ था हमला; हमलावर पहले ही सलाखों के पीछे
ऋषिकेश/हरिद्वार।
वह पिछले चार दिनों से एम्स के ड्रामा आईसीयू में वेंटिलेटर पर जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था। शनिवार सुबह एम्स प्रशासन द्वारा उसे मृत घोषित किए जाने के बाद हरिद्वार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पेशी के दौरान फिल्मी अंदाज में हुआ था हमला
एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया कि यह वारदात 24 दिसंबर को हुई थी। विनय त्यागी को रुड़की से लक्सर पेशी पर ले जाया जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने पुलिस कस्टडी के बीच विनय पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। हमले में विनय को तीन गोलियां लगी थीं। आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश भर्ती कराया गया था।
आपसी रंजिश बनी मौत का कारण
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों को घटना के बाद गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने पुरानी आपसी रंजिश के चलते विनय त्यागी को ठिकाने लगाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस फिलहाल आरोपियों को जेल भेज चुकी है और मामले में कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है।
एम्स में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गैंगस्टर की मौत की सूचना के बाद अस्पताल परिसर में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
