हरिद्वार: हरिद्वार कुंभ मेला क्षेत्र में गैर-हिंदुओं के प्रवेश को प्रतिबंधित करने की मांग ने अब तूल पकड़ लिया है। प्रखर हिंदूवादी नेत्री साध्वी प्राची ने भी इस मांग का पुरजोर समर्थन किया है। हरिद्वार प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार से अपील की कि पूरे कुंभ क्षेत्र को ‘गैर-हिंदू प्रतिबंधित क्षेत्र’ घोषित किया जाए।
साध्वी प्राची ने अपनी मांग के पीछे सुरक्षा कारणों का तर्क दिया। उन्होंने लाल किले पर हुई पुरानी आतंकी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब शिक्षित लोग जिहादी मानसिकता के चलते बड़ी आतंकी साजिशों को अंजाम दे सकते हैं, तो कुंभ जैसे विशाल धार्मिक समागम में भी बड़ी साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि मेले की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
सरकार को चेतावनी भरे लहजे में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुंभ मेला सनातन धर्म की आस्था का प्रतीक है। इसकी शुचिता और सुरक्षा को देखते हुए गैर-हिंदुओं की एंट्री पर तुरंत कड़ा निर्णय लिया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कड़े कदम उठाना अनिवार्य है।
साध्वी प्राची के इस बयान के बाद एक बार फिर कुंभ मेले के नियमों और धार्मिक क्षेत्रों में प्रवेश को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
