नकाबपोश बदमाशों ने पार्षद सौरभ बेहड़ को निशाना बनाया; निजी अस्पताल के ICU में भर्ती
उधम सिंह नगर: जिले के रुद्रपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री और किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के छोटे बेटे व पार्षद सौरभ बेहड़ पर अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने देर शाम जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सौरभ गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ICU में शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी है।
चौकी जाते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 39 के पार्षद सौरभ बेहड़ किसी व्यक्तिगत कार्य से आवास विकास चौकी की ओर जा रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश युवकों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। बदमाशों ने सौरभ को बुरी तरह पीटा और लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए।
राजनीतिक गलियारों में हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं में भारी रोष व्याप्त हो गया। भारी संख्या में समर्थक और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। विधायक तिलक राज बेहड़ ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सौरभ घर से चौकी जाने की बात कहकर निकला था, तभी रास्ते में बाइक सवार नकाबपोशों ने उसे निशाना बनाया। उन्होंने उम्मीद जताई है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को बेनकाब करेगी।
पुलिस की कार्रवाई
आवास विकास चौकी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही हैं ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही मामला सुलझा लिया जाएगा।
