मंत्री गणेश जोशी बोले- विपक्ष “लाशों पर राजनीति” करता है
उत्तराखंड में आपदा से जूझती ज़िंदगी और राहत कार्यों के बीच राज्य की सियासत गर्मा गई है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है।
मंत्री जोशी का कहना है कि जब राज्य सरकार और मुख्यमंत्री स्वयं ग्राउंड ज़ीरो पर रहकर लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे थे, तब कांग्रेस मुद्दा खोजने में व्यस्त थी। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति जनता का विश्वास दर्शाते हुए गुजरात की एक बहन द्वारा राखी बांधने की घटना का जिक्र किया।
गणेश जोशी का बयान: कांग्रेस पर आक्रामक रुख दिखाते हुए जोशी ने तंज कसा कि विपक्ष के पास न मुद्दा बचा है, न जनसमर्थन, इसलिए वे हर बार “लाशों पर राजनीति” करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि आपदा को कोई रोक नहीं सकता, लेकिन संकट के बाद सरकार का रवैया क्या होता है, यह महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार, उत्तराखंड सरकार हमेशा साबित करती है कि मंत्री और कार्यकर्ता सबसे पहले ग्राउंड ज़ीरो पहुँचते हैं, जबकि कांग्रेस का योगदान केवल बयान देने और भ्रम फैलाने तक सिमट गया है।
