छरबा में 50-60 बीघा में काटी गई कॉलोनी ध्वस्त, शिमला बाईपास पर दो इमारतें सील
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ अपना सख्त अभियान और तेज कर दिया है। बीते दो दिनों में प्राधिकरण ने छरबा और शिमला बाईपास क्षेत्र में बड़ी कार्रवाइयों की।
सबसे बड़ी कार्रवाई छरबा इंटर कॉलेज रोड पर हुई, जहाँ मधुकर जोशी द्वारा लगभग 50-60 बीघा भूमि में बिना किसी अनुमति के की जा रही अवैध प्लॉटिंग को पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया गया। MDDA की टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध रूप से काटी गई सड़कें और बनाए जा रहे प्लॉट पूरी तरह ध्वस्त कर दिए। कार्रवाई अवर अभियंता सिद्धार्थ सेमवाल, अमन पाल और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई।
इसी क्रम में शिमला बाईपास स्थित बालाजी एन्क्लेव में दो अलग-अलग अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया। शौकीन और जुल्फी समेत अन्य लोगों द्वारा किए जा रहे बेसमेंट व मल्टी-स्टोरी निर्माण पर ताला जड दिया गया। यह कार्रवाई संयुक्त सचिव गौरव बटवाल के निर्देश पर सहायक अभियंता विजय रावंत व उनकी टीम ने की।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा की, “राजधानी का सुनियोजित विकास और मास्टर प्लान का उल्लंघन बर्दास्त नहीं किया जाएगा। अवैध कॉलोनाइज़र और बिल्डरों पर लगातार बुलडोजर चलेगा।
उन्होंने जनता से अपील की कि प्लॉट था मकान खरीदने से पहले MDDA पोर्टल पर उसकी वैधता जरूर चेक करें और कोई भी अवैध निर्माण दिखे तो तुरंत प्राधिकरण को सूचित करें।
